home page

यमुनानगर से तीन युवतियां लापता,मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले में अलग-अलग क्षेत्रों से तीन युवतियों के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले में नाबालिग होने के कारण अपहरण की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पहला मामला रामपुरा क्षेत्र से सामने आया है, जहां 14 वर्षीय किशोरी घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी। परिवार के अनुसार वह शाम के समय घर से बाहर गई थी, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों ने पहले अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। दूसरा मामला शहर क्षेत्र का है। यहां 21 वर्षीय युवती कंप्यूटर सेंटर जाने के बाद घर नहीं पहुंची। परिजनों के अनुसार वह दोपहर बाद सेंटर के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसके परिचितों और संभावित स्थानों पर संपर्क किया, पर कोई जानकारी नहीं मिली।

इस संबंध में पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीसरा मामला बुडिया थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां 20 वर्षीय युवती कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं आई। परिजनों ने संबंधित शिक्षण संस्थान में भी जानकारी जुटाई, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। युवती का मोबाइल फोन बंद मिलने से चिंता और बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीनों मामलों को गंभीरता से लिया गया है। अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी सहायता भी ली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार