सिरसा: महिला सहित तीन नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 26 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने सिरसा जिले क्षेत्र से एक महिला सहित तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दस ग्राम हेरोइन बरामद की है। नाथूसरी चोपटा थाना प्रभारी ने रविवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप, बिमला व बंटू के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव कागदाना से होते हुए नाथूसरी चोपटा की तरफ जा रही थी।
गांव कागदाना के नजदीक सामने से बाइक सवार एक युवक व महिला आते दिखाई दिए जो पुलिस को देखकर वापस मुड़ कर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर बाइक सवार दोनों को काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई।
इसके अलावा पुलिस ने गांव रोड़ी क्षेत्र से बंटू को हेरोइन सहित काबू किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान रोड़ी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ संबोधित थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने सिरसा जिले के कस्बा रानियां क्षेत्र में एक फार्म हाउस से चोरी की वारदात करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रानियां थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुखराम व प्रेम कुमार के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा सामान भी बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि गांव ओटू निवासी योगेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि वह फार्म हाउस पर ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह वापस फार्म हाउस आया तो फार्म हाउस का ताला टूटा हुआ था और घर से सामान गायब था। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना रानियां में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना में संलिप्त आरोपी मुखराम व प्रेम कुमार को रानियां से गिरफ्तार कर लिया है । उन्होने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बाइक सहित चोरीशुदा सामान भी बरामद कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

