हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार
भागलपुर, 25 मई (हि.स.)। जिले के एकचारी थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में वर्चस्व कायम करने और लोगों में दहशत फैलाने के लिए की गई फायरिंग मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को सुश्री गरिमा एसडीपीओ पिरपैंती ने दी। उन्होंने बताया कि घटना 23 मई की रात तिनघरिया प्राथमिक स्कूल के पास हुई थी। जहां अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में खौफ फैलाने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही भागलपुर पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। एसएसपी के निर्देश पर एसटीएफ और 15 से अधिक थानों की पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई और दियारा इलाके में बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सबसे पहले कर्पूरी मंडल को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने बताया कि उसके मामा अगहनु मंडल के जेल जाने के बाद इलाके में गिरोह का दबदबा कम हो गया था। इसलिए दोबारा भय का माहौल बनाने के लिए फायरिंग की गई थी। कर्पूरी की निशानदेही पर पुलिस ने अशोक मंडल उर्फ अनिकेत कुमार और आशीष कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और दस खोखे बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में एसटीएफ भागलपुर, एकचारी थाना पुलिस और कई थानों के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

