तीन अपराधियो ने हथियार के बल पर एमआर से दिन दहाड़े की लूट
सहरसा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र में सहरसा-सिमरी बख्तियारपुर मुख्य सड़क पर धकजरी मोड़ के पास शनिवार को दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) से लूटपाट की गई। तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर 600 रुपये नकद, एंड्रॉयड मोबाइल फोन और हेडफोन लूट फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित किशन कुमार सिंह, सरोजा रामपुर निवासी, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करते हैं।वे दोपहर करीब एक बजे सिमरी बख्तियारपुर से सहरसा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धकजरी मोड़ के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और हथियार सटाकर लूटपाट की। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सोनवर्षा कचहरी थाना पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष के अनुसार, आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इससे पहले भी लूट की दो घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका अब तक उद्भेदन नहीं हुआ है। दिनदहाड़े हुई ताजा वारदात के बाद लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

