home page

ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल छीनने वाले तीन शातिर गिरफ्तार

 | 
ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल छीनने वाले तीन शातिर गिरफ्तार


कानपुर, 18 अक्टूबर (हि. स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेनों के धीमे होते ही यात्रियों के मोबाइल और सामान पर हाथ साफ करने वाले तीन युवकों को जीआरपी ने रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेनों की रफ्तार कम होने पर आरोपित खिड़की और दरवाजे के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही मोबाइल और अन्य सामान चोरी कर या छीनकर भाग निकलते थे। रेलवे में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए की जा रही चेकिंग के दौरान तीनों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जीआरपी ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन के हैरिसगंज पुल के आगे टाटमिल जाने वाले कच्चे रास्ते पर रेलवे ट्रैक किनारे पीपल के पेड़ के नीचे चेकिंग के दौरान तीनों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बाबूपुरवा की सफेद कॉलोनी निवासी शादाब खान उर्फ साहिल, अरबाज और मो. आसिफ उर्फ ब्रावो के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से चोरी के तीन मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल चोरी के दर्ज मुकदमों से संबंधित बताए गए हैं। जीआरपी आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप