home page

लूट और आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन बदमाश हथियारों के साथ गिरफ्तार

 | 
लूट और आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन बदमाश हथियारों के साथ गिरफ्तार


जयपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। करधनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूट और आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ करने में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम हनुमान प्रसाद ने बताया कि करधनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूट और आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे लोकेश सिंह शेखावत (22) निवासी गुढागोडली जिला झुंझुनू हाल खोराबीसल जयपुर, सन्नी उर्फ साहिल (21 ) निवासी झोटवाड़ा जयपुर और राघव खांडल उर्फ रवि (22) निवासी खोराबीसल जयपुर को निवारू लिंक रोड करधनी क्षेत्र में मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है।

करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि रविवार रात करधनी थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम ने निवारू लिंक रोड पर घेराबंदी कर तीनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिसके बाद तीनों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि लोकेश सिंह शेखावत अगस्त 2025 में रोहतक (हरियाणा) पुलिस पर फायरिंग के मामले में जेल में बंद बदमाश आजाद सिंह गुढा का छोटा भाई है।

वहीं सन्नी उर्फ साहिल पूर्व में रात के समय राहगीरों से लूट और अपहरण की वारदातों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। राघव खांडल उर्फ रवि पर भी पूर्व में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपित रात्रि के समय राहगीरों से मारपीट कर लूट करने के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सन्नी के खिलाफ नीमराना, करधनी और झोटवाड़ा थानों में गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। कुछ मामलों में चालान पेश किया जा चुका है, जबकि कुछ अभी जांच अधीन हैं। पुलिस तीनों आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इनके गिरोह और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश