home page

गोलीकांड के अनुसंधान में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, तीन गिरफ्तार

 | 
गोलीकांड के अनुसंधान में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, तीन गिरफ्तार


नवादा, 14 नवंबर (हि.स.)।नवादा जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र में मिठाई व्यवसायी उत्तम उर्फ विकास कुमार को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने कांड के अनुसंधान के दौरान छापेमारी कर शनिवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी कट्टा और एक देसी पिस्तौल बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छोटकी अंबा गांव निवासी अंकित कुमार उर्फ फ्लैट सिंह, धनवारा गांव निवासी अंकित चंद्र उर्फ आरके तथा नेमदारगंज निवासी नितीश कुमार उर्फ मुतना के रूप में हुई है।

इस संबंध में नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस टीम 07 नवंबर की रात गोलीकांड के अनुसंधान और अप्राथमिकी अभियुक्त अंकित कुमार की गिरफ्तारी के लिए छोटकी अंबा गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस को देखकर अंकित कुमार घर से निकलकर भागने लगा, जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए घटना में प्रयुक्त हथियार अपने घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी।

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। इसके बाद उसने बताया कि एक पिस्तौल धनवारा निवासी अंकित चंद्र उर्फ आरके के पास है।

पुलिस ने वहां छापेमारी कर उसके घर से मैगजीन लगा एक देसी पिस्तौल बरामद किया। पिस्तौल पर और बैरल पर 0.85 एमएम अंकित था। पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने में नेमदारगंज निवासी नितीश कुमार उर्फ मुतना का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद हथियारों को विधिवत जब्त किया गया है। इस मामले में नेमदारगंज थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन