home page

20 साल से कम आयु के तीन युवक पकड़े, दो देशी कट्टे व चार जिंदा कारतूस बरामद, एक नाबालिग भी निरुद्ध

 | 
20 साल से कम आयु के तीन युवक पकड़े, दो देशी कट्टे व चार जिंदा कारतूस बरामद, एक नाबालिग भी निरुद्ध


चित्तौड़गढ़, 02 अगस्त (हि.स.)। डीएसटी एवं सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी पर सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टलनुमा देशी कट्टा, एक देशी कट्टा .315 बोर तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रकरण के अनुसंधान के दौरान एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार तथा एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 3, 8, 25 एवं 35 के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है। इस मामले में बड़ी बात यह कि गिरफ्तार किए तीनों आरोपियों की उम्र 20 साल से कम है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में अवैध हथियार को लेकर सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा तथा डिप्टी बृजेश सिंह के सुपरविजन में थाना सदर चित्तौड़गढ़ पुलिस की और से लगातार नाकाबंदी की जाकर नजर रख रहे हैं। इसी क्रम में थानाधिकारी प्रेमसिंह खंगारोत के नेतृत्व में सदर चित्तौड़गढ़ पुलिस एवं डीएसटी की टीम ने सेंती पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान बोजूंदा रोड की ओर से एक स्कूटी आती दिखाई दी, जिस पर दो युवक सवार थे। पुलिस ने इन्हें इशारा किया तो दोनों युवक वापस मुड़ने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर रोक लिया। पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम अनस अंसारी तथा पीछे बैठे युवक ने अपना नाम योगेश उर्फ दुर्गेश उर्फ लक्की बैरवा बताया। दोनों युवक घबराए हुए दिखाई दिए। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके पास स्कूटी की डिक्की में पिस्टल एवं कारतूस रखे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तलाशी की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान डिक्की से 1 अवैध पिस्टलनुमा देशी कट्टा, 1 देशी कट्टा 315 बोर तथा 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए।बरामद हथियार का मौके पर निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि बरामद पिस्टलनुमा देशी कट्टे तथा 315 बोर देशी कट्टे पर निर्माता अथवा निर्माण संस्था का कोई अंकन नहीं था। दोनों हथियार हस्तनिर्मित प्रतीत हुए। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने, उनका प्रदर्शन करने अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध चित्तौड़गढ़ पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। पुलिस ने इस मामले में चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाने के गोपालनगर निवासी अनस अंसारी पुत्र जफर अंसारी, सदर थाना क्षेत्र में मीठारामजी का खेड़ा निवासी योगेश उर्फ दुर्गेश उर्फ लक्की बैरवा पुत्र हरीश बैरवा तथा करण सिंह पुत्र गोविंदसिंह निवासी सेगवा हाउसिंग बोर्ड थाना को गिरफ्तार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल