(अपडेट) बुलंदशहर में देवर-भाभी और बच्ची के शव मिले
बुलंदशहर, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र स्थित नेहरूपुर इंड्रिस्ट्रियल एरिया के पास खेत में तीन शव मिले । इसमें एक महिला का शव फांसी पर लटका हुआ था जबकि, बच्ची और युवक का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने तीनों शव की शिनाख्त देवर भाभी और भतीजी के रूप में की है।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) डाॅ. तेजवीर सिंह ने बताया कि मृत युवक का नाम सरल सरकार (32) है। भाभी देवी सरकार (30) और उसकी बच्ची सांवती सरकार (08) के रूप में हुई हैं। ये सभी पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जनपद स्थित पूर्वा मल्लापुरा गांव के निवासी थे। देवी सरकार अपने पति अपेश्वर के साथ खुर्जा स्थित पॉटरी फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। प्रारंभिक जानकारी मिली है कि देवी सरकार का अपने पति अपेश्वर सरकार से 11 मार्च को वाद-विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपने देवर सरल को फोन कर उसके पास चली गई थी। संज्ञान में यह बात भी आई है कि देवर भाभी के बीच अक्सर देर-देर तक फोन पर बातचीत होती थी। विवाद के दिन भी 28 मिनट दोनों में बातचीत हुई थी। उसके बाद से तीनों साथ में थे। आज इनके शव मिले हैं। महिला के पति को हिरासत में ले लिया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एएसपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को संघर्ष के कोई साक्ष्य नही मिले हैं। वहां तीसरे अन्य व्यक्ति के भी मौजूदगी के निशान भी नहीं मिले हैं महिला के गले में चेन और युवक के जेब से सात हजार रुपये मिले हैं। इससे मामला प्रथमदृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

