आदर्श जाट महासभा के अध्यक्ष पर हमले के तीन और आरोपित गिरफ्तार
जोधपुर, 22 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश बेनीवाल पर हमले के मामले में ग्रामीण पुलिस ने तीन और फरार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या के अनुसार आसोप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आसंडा निवासी झूमरराम, मेहराम व गिरधारीलाल को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित घटना के बाद से फरार चल रहे थे। घटना 22 फरवरी 2026 की है, जब प्रकाश बेनीवाल अपने साथियों के साथ बेडो की ढाणी गजसिंहपुरा में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोककर उन पर व उनके साथियों पर हमला कर मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस संबंध में आसोप थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही कचराराम व किशोराम को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक कुल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत व वृताधिकारी भूराराम खिलेरी के निर्देशन में थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार की टीम ने कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। पुलिस मामले में अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

