home page

यमुनानगर:पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सीरियल चोरी गिरोह गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर:पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सीरियल चोरी गिरोह गिरफ्तार


यमुनानगर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस में स्पेशल सेल की टीम ने विभिन्न वारदातों में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कई मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। स्पेशल सेल प्रभारी रमन चंदेल ने शनिवार को बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक क्षेत्र में चोरी की नई वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की और संदिग्ध स्थान पर घेराबंदी कर तीनों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल, सचिन और क्रीम के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने जिले में हाल के दिनों में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। जांच के दौरान सामने आया कि फरवरी माह में बाजार क्षेत्र की एक दुकान में सेंधमारी का प्रयास किया गया था, जबकि एक किराना दुकान से सामान चोरी कर फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित आटा चक्की से नकदी और अन्य सामान चोरी करने की वारदात को भी अंजाम दिया था। इसके अलावा कपड़ा दुकान और धार्मिक स्थल पर ठहरे व्यक्ति के कमरे से आभूषण तथा कीमती सामान चोरी करने की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी साहिल पहले से ही चोरी, स्नैचिंग और लूट के कई मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न अदालतों में मुकदमे लंबित हैं। वहीं आरोपी सचिन पर भी चोरी के कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। दोनों आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे और बाहर आते ही दोबारा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार