home page

भारत-इंग्लैंड मैच पर लगाया जा रहा था ऑनलाइन सट्टा: हेड कांस्टेबल सहित तीन गिरफ्तार

 | 
भारत-इंग्लैंड मैच पर लगाया जा रहा था ऑनलाइन सट्टा: हेड कांस्टेबल सहित तीन गिरफ्तार


जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। बिंदायका थाना पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे 'साइबर शील्ड' अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सिरसी रोड स्थित एक फ्लैट पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने भारत-इंग्लैंड वनडे मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए मुख्य सरगना और रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल, टैबलेट, रजिस्टर और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि एनसीआरबी, डिजिटल स्रोतों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बिंदायका थाना पुलिस ने सर्च वारंट लेकर गणेश विहार-2 स्थित एस-11 बालाजी होम्स के तीसरे फ्लोर पर फ्लैट नंबर-111 में दबिश दी। यहां दो युवक लैपटॉप, टैबलेट और मोबाइल के जरिए 'खाई-लगाई' ऐप और जूम वर्कप्लेस के माध्यम से भारत-इंग्लैंड मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते मिले। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मुख्य सरगना सुमेर सिंह के लिए 20-20 हजार रुपए मासिक वेतन पर काम कर रहे थे।

बिंदायका थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुमेर सिंह (55) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी लीलिया (नागौर), जो वर्तमान में रिजर्व पुलिस लाइन जयपुर की सिनेमा शाखा में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है, सुनील चौधरी (41) निवासी शक्ति नगर, जोधपुर (हाल निवासी सिरसी रोड, जयपुर) तथा शक्ति सिंह (38) निवासी आगुंता, डीडवाना-कुचामन (हाल निवासी हरमाड़ा, जयपुर) शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, दो टैबलेट, एक वाई-फाई राउटर, एक कैलकुलेटर, सट्टे के हिसाब-किताब से भरे दो रजिस्टर और तीन नोटबुक जब्त किए हैं। रजिस्टरों में लाखों-करोड़ों रुपए के लेनदेन का रिकॉर्ड मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस अब ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, आर्थिक लेनदेन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित पूरे गिरोह की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गोवर्धन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल, तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल सुधीर कुमार, राम और निरेन्द्र शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश