बुंदेला बस से 82 बोतल शराब के साथ बस चालक,खलासी व कंडक्टर गिरफ्तार
नवादा,15 मई (हि.स.)।बिहार-झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रनवादा जिले के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद बलों ने शुक्रवार को एक बस की डिक्की में छुपाकर ले जा रहे 82 बोतल शराब और 72 केन बियर को बरामद किया है। साथ ही बस को जब्त करते हुए चालक,खलासी और कंडक्टर को भी गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार मद्दनिषेध को लेकर समेकित जांच चौकी पर झारखंड की ओर से आनेवाली प्रत्येक वाहनों की सघन जांच उत्पाद बलों के द्वारा की जाती है। इस जांच अभियान का नेतृत्व उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता कर रहे हैं। झारखंड की ओर से बुंदेला बस संख्या बीआर24पीए2838 की जांच उत्पाद एएसआई विश्वजीत कुमार सिंह के द्वारा किया गया। जांच के क्रम में बस की डिक्की से रॉयल स्टैग के 750 एमएल वाले 5 बोतल व 375 एमएल वाले 5 बोतल के अलावे किंगफिशर नामक 500 एमएल वाले कुल 72 केन बरामद किया गया है।
जब्त शराब को लेकर बस चालक,खलासी एवं कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार बस चालक की पहचान नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी लालो राय के पुत्र मनीष कुमार, बस खलासी गिरियक जिले के भोजपुर गांव निवासी स्व. रामचंद्र यादव के पुत्र संजय यादव एवं बस कंडक्टर नवादा के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कठोकरी गांव निवासी स्व. इंद्रदेव यादव के पुत्र अनिल यादव के रूप में हुई है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त शराब,बियर और बस के अलावे गिरफ्तार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार लोगो मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

