दहेज प्रताड़ना और विवाहिता की हत्या के मामले में पति समेत तीन गिरफ्तार
मीरजापुर, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को पति समेत तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपितों में विवाहिता का पति, ससुर और सास शामिल हैं।
चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के हसनपुर कम्हरिया निवासी नारद बिंद ने 29 अगस्त को अहरौरा थाने में तहरीर देकर अपनी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी में जुट गई। मंगलवार को उप निरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान एक सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर तीनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कैलाश बिंद , उनकी पत्नी रामपति देवी और उनका एवं मृतका के पति अजय कुमार बिंद के रूप में हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विवेचना आगे जारी रखे हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

