home page

रुपये दोगुने करने का झांसा देकर टप्पेबाजी करने वाला गिरोह तीन आराेपित गिरफ्तार

 | 
रुपये दोगुने करने का झांसा देकर टप्पेबाजी करने वाला गिरोह तीन आराेपित गिरफ्तार


बांदा, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बबेरु थाना पुलिस ने चोरी और टप्पेबाजी की घटना करने वाले एक शातिर संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिराेह के तीन आराेपिताें काे सोमवार गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आराेपित रुपये दोगुना करने का लालच देकर लाेगाें से ठगी करते थे। पुलिस ने इनके पास से नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ ही आपराधिक गतिविधियों से कमाए बैंक खातों में जमा 2.84 लाख रुपये की राशि को भी फ्रीज करा दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि थाना बबेरु में 4 जून को रामचंद्र और 7 जून को विनय प्रताप ने टप्पेबाजी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने

बताया कि कुछ लाेग रुपये दाेगुना करने की बात कहकर झांसे में लेते हैं और फिर रुपये लेकर फरार हाे जाते हैं। इस शिकायत पर पुलिस की टीमाें काे

आराेपिताें की तलाश में लगाया गया। एएसपी ने बताया कि 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच करते हुए

बीती रात 7 जून काे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ओरन रोड पर घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपिताें की पहचान कैलाश, राजकुमार और अनुराग सभी निवासी ओझा नगर, थाना कमासिन के रूप में हुई है।

गिरफ्तार आराेपिताें से पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना कैलाश एक पेशेवर अपराधी है, जिस पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपिताें ने स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी और टप्पेबाजी के पैसों से ही मोटरसाइकिल खरीदी थी और उसकी किश्तें भी इसी अवैध कमाई से भरते थे। पुलिस की गहन जांच में यह भी पता चला कि आरोपित इन अपराधों से अर्जित धन को अपने बैंक खातों में जमा करते थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनके खातों में मौजूद 2.84 लाख रुपये की अवैध धनराशि को फ्रीज करवा दिया है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और 'रुपये दोगुना करने' जैसी लुभावनी योजनाओं से सावधान रहें। अगर आपके साथ ऐसी कोई घटना हुई है, तो तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या डायल 112 पर सूचित करें। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य संपर्कों और उनके द्वारा अंजाम दी गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह