बर्थ डे मनाकर लौटे : शराब के नशे में गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ कर मचाया उत्पात, तीन को पकड़ा शांतिभंग में
जोधपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। शहर के निकटवर्ती बनाड़ क्षेत्र में देर रात कुछ युवकों ने शराब के नशे में गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ करते हुए बेजा उत्पात मचाया। पुलिस ने तीन लोगों को शांतिभंग के आरोप में फिलहाल पकड़ा है। एक पीडि़त की तरफ से केस दर्ज कराया गया है। कुछ और लोगों को पुलिस ने आज दोपहर में डिटेन किया है। मामले को लेकर पुलिस की तरफ से अग्रिम जांच की रही है। आरंभिक पड़ताल में सामने आया कि आरोपित युवक अपने एक मित्र की जन्म दिन की पार्टी मनाकर लौटे और शराब के नशे में उत्पात मचाया।
थानाधिकारी ईश्चरचंद पारिक ने बताया कि मंगलवार की रात में कुछ युवकों ने थाना क्षेत्र धापी मार्बल के समीप गाडिय़ों के शीशे फोड़े और डंडों आदि से उत्पात मचाया था। घटना का वीडियो वायरल होने के साथ युवकों द्वारा उत्पात मचाने की जानकारी पुलिस को मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लोगों को रात में ही पकड़ लिया था। एक को बाद में पकड़ा जा सका।
थानाधिकारी पारिक के अनुसार तीन युवकों जिनमें फूलमाल जैतारण हाल बनाड़ बिजलीघर के पास रहने वाले लक्की चौहान पुत्र प्रकाश चौहान, कापरड़ा हाल इंद्रप्रस्थ नगर नांदड़ी निवासी पृथ्वीराज पुत्र भंवरलाल एवं भोपालगढ़ हाल भोमिया जी का थान नांदड़ी निवासी नवीन पुत्र राजेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को फिलहाल शांतिभंग में पकड़ा गया है। मामले एक केस दर्ज कराया गया है। कुछ और लोगों की पहचान कर तलाश कर डिटेन किया गया है। जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

