ब्राउन शुगर के साथ दंपति सहित तीन गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 04 अक्टूबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और प्रधान नगर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर जंक्शन इलाके से 790 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दंपति समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साधन राय, उसकी पत्नी अंजली कर्मकार और कनक कांति राय के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मिली सूचना के आधार पर शनिवार रात जंक्शन इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी मिली थी। इसी उद्देश्य से बालुरघाट से साधन राय अपनी पत्नी अंजली कर्मकार और साथी कनक कांति राय के साथ सिलीगुड़ी पहुंचा था।
तीनों के जंक्शन इलाके में पहुंचने के बाद एसओजी और प्रधान नगर थाना की सादे कपड़ों में पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। संदेह के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर के तीन पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 790 ग्राम बताया गया है।
इसके बाद तीनों आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उन्हें रविवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

