बागीदौरा तहसील कार्यालय का वरिष्ठ सहायक और दो दलाल ₹4,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
बांसवाड़ा, 24 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बांसवाड़ा इकाई ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बागीदौरा तहसील कार्यालय के वरिष्ठ सहायक और उसके दो दलालों को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर की गई है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है, जो गृह ऋण प्रदान करती है। ऋण स्वीकृत करने से पहले संपत्ति की रजिस्ट्री को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से रजिस्टर मोर्टगेज करवाया जाना होता है। तहसील कार्यालय बागीदौरा के वरिष्ठ सहायक योगेंद्र सिंह भाटी ने परिवादी को दो पत्रावलियों पर रजिस्टर मोर्टगेज कर फाइल देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। 21 अगस्त को सत्यापन के दौरान आरोपी ने प्रति पत्रावली 2,500 रुपये के हिसाब से कुल 5,000 रुपये मांगे थे, लेकिन आपसी बातचीत के बाद 500-500 रुपये कम करके 4,000 रुपये में सौदा तय हुआ था।
एसीबी उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन और बांसवाड़ा इकाई के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने ट्रेप कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपी योगेंद्र सिंह भाटी ने परिवादी से 4,000 रुपये की रिश्वत अपने परिचित दलाल रतनसिंह को दिलवाई, जिसने आगे यह राशि विठ्ठल को दी। एसीबी टीम ने तीनों आरोपियों को रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा आरोपी योगेंद्र सिंह भाटी के निवास की भी तलाशी ली जा रही है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

