घर से चल रहे फर्जी आधार सेंटर का पर्दाफाश, दो बांग्लादेशी नागरिक समेत तीन गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 05 अक्टूबर (हि. स.)। सुकना आर्मी इंटेलिजेंस और माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने सोमवार संयुक्त अभियान चलाकर शीशाबाड़ी इलाके में घर से संचालित फर्जी आधार केंद्र का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनवाने पहुंचे दो बांग्लादेशी नागरिक सुशील राय (45) और लिटू महंतो (45) को गिरफ्तार किया। वहीं, फर्जी आधार सेंटर चलाने वाले रिपन राय की पत्नी पवित्रा रानी राय को भी गिरफ्तार किया गया है। केंद्र का संचालक रिपन राय फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, रिपन राय पैसे लेकर अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार करता था। दोनों बांग्लादेशी नागरिक करीब ढाई वर्ष पहले भारत में प्रवेश कर शीशाबाड़ी में परिवार के साथ रह रहे थे। आधार कार्ड बनवाने के लिए दोनों ने रिपन राय से संपर्क किया था और कथित तौर पर 10-10 हजार रुपये देने की बात हुई थी।
आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर पुलिस ने रिपन राय के घर पर शाम को छापेमारी की। अभियान की भनक लगते ही रिपन राय मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आठ फर्जी आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड के फॉर्म समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। पुलिस मामले की जांच के साथ फरार रिपन राय की तलाश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

