home page

पत्नी के मायके पर फायरिंग करने के मामले में आरोपित पति समेत तीन गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला पैदल जुलूस

 | 
पत्नी के मायके पर फायरिंग करने के मामले में आरोपित पति समेत तीन गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला पैदल जुलूस


कानपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में घाटमपुर थाना क्षेत्र में पत्नी के मायके पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले पति और उसके दो आरोपित साथियों को पुलिस ने घटना के कुछ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को तीनों आरोपितों का थाने से मुख्य चौराहे तक पैदल जुलूस निकाला गया। इसके बाद न्यायालय में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया गया।

घाटमपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव निवासी वैभव द्विवेदी उर्फ वैभव कोहली ने करीब चार महीने पहले नगर के पचखुरा मोहल्ले की रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों किराये के मकान में रहने लगे। मंगलवार देर रात वैभव अपने साथी शादाब और अतीस उर्फ अड्डू के साथ पत्नी के मायके पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर विवाद के बाद फायरिंग कर दी। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

घटना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को पीला कटरा-भदरस मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने तीनों आरोपितों को आज थाने से तहसील गेट होते हुए मुख्य चौराहे तक पैदल मार्च कराया। इस दौरान तीनों आरोपित अपने अपने चेहरे छिपाते रहे और पुलिस से दोबारा अपराध नहीं करने की बात कहते हुए माफी मांगते रहे। पैदल मार्च के बाद पुलिस ने तीनों को खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की।

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप