home page

फ्लिपकार्ट डिलीवरी में फर्जीवाड़ा करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
फ्लिपकार्ट डिलीवरी में फर्जीवाड़ा करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार


जयपुर, 29 मई (हि.स.)। राजधानी में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों और डिलीवरी नेटवर्क को निशाना बनाकर महंगे मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान हड़पने वाले एक हाईटेक गिरोह का जामडोली थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फ्लिपकार्ट से महंगे आईफोन, एंड्रॉयड फोन और आईपैड मंगाकर असली प्रोडक्ट निकालने और उनकी जगह डमी प्रोडक्ट रखकर धोखाधड़ी करने वाले तीन शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों के कब्जे से करीब पांच लाख रुपए कीमत के चार महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि जामडोली थाना पुलिस ने फ्लिपकार्ट से महंगे आईफोन, एंड्रॉयड फोन और आईपैड मंगाकर असली प्रोडक्ट निकालने और उनकी जगह डमी प्रोडक्ट रखकर धोखाधड़ी करने वाले अनिल चौधरी (24) निवासी जयपुर ग्रामीण, भरत जागा (26) निवासी दौसा और राहुल मीणा (24) निवासी करौली हाल राजविहार कॉलोनी जामडोली को गिरफ्तार हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक आईफोन और तीन प्रीमियम सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित ऑनलाइन महंगे मोबाइल और गैजेट ऑर्डर करते थे। डिलीवरी के दौरान असली सामान निकालकर उसकी जगह हूबहू दिखने वाले नकली डमी प्रोडक्ट पैक कर देते थे, जिससे कंपनी और डिलीवरी पार्टनर को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचता था। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर शेष मोबाइल, आईपैड और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इसके अलावा इस मामले में डिलीवरी नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

थानाधिकारी रतन सिंह कविया ने बताया कि 13 अप्रैल 2026 को लोड शेयर डिलीवरी कंपनी के संचालक धीरज सिंह ने जामडोली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि फ्लिपकार्ट के 15 असली प्रोडक्ट्स की जगह डिलीवरी चैन में किसी ने डमी प्रोडक्ट रख दिए। वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल एवं सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता और ट्रैकिंग के जरिए जामडोली के राजविहार कॉलोनी स्थित एक ठिकाने पर दबिश देकर तीन आरोपितों को धर—दबोचा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश