home page

विदेशी महिला का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले तीन आरोपित डिटेन

 | 
विदेशी महिला का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले तीन आरोपित डिटेन


जयपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। विदेशी पर्यटकों के साथ बदसलूकी करने के मामले में राजस्थान पुलिस ने लगातार दूसरे दिन अजमेर में कार्रवाई की है और विदेशी महिला का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने पर तीन आरोपित डिटेन किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक इजरायली महिला पर्यटक का बिना अनुमति आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को मध्यप्रदेश के माचलपुर से डिटेन किया है।

उन्होंने बताया कि 9 सितम्बर को जिला सोशल मीडिया सेल, अजमेर के संज्ञान में मामला आने के बाद संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट एवं मोबाइल संबंधी तकनीकी जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर माचलपुर जिला राजगढ़ (मध्यप्रदेश) पहुंचकर उन्हें डिटेन किया।

पूछताछ एवं आरोपितों की इंस्टाग्राम आईडी की जांच में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना पाया गया। डिटेन आरोपितों की पहचान अर्जुन गुर्जर (30), दयाराम (30) एवं जुझार गुर्जर (25) निवासी माचलपुर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। इस कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जागीड के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के निर्देशन में थाना गंज की विशेष टीम द्वारा की गई।

एसपी अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि महिलाओं की निजता एवं गरिमा से खिलवाड़ तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध अजमेर पुलिस द्वारा सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश