वन चौकीदार की हत्या के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपित गिरफ्तार, कुल्हाड़ी बरामद
उरई, 19 मार्च (हि.स.)। थाना आटा क्षेत्र के अंतर्गत हुई एक वृद्ध के हत्या की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक जालौन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को आलाकत्ल कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है।
बता दें कि, मामला ग्राम सुनहटा का है, जहां 18 मार्च को वादी कल्लू पुत्र स्वर्गीय ब्रकपाल ने थाना आटा में तहरीर देकर अपने पिता की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना आटा में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने मामले के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया। टीमें क्षेत्र में सुरागरसी में जुटी हुई थीं।
19 मार्च यानि गुरुवार को थाना आटा पुलिस क्षेत्र में चेकिंग एवं वांछित अपराधियों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपित हरिशंकरी पुलिया के पास छिपे हुए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से तीनों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उदयभान पुत्र नन्हू (40), मनोज यादव पुत्र चन्दन (29) और गजे सिंह उर्फ गजेधर यादव पुत्र आशाराम यादव (28) सभी निवासी ग्राम सुनहटा थाना आटा जिला जालौन के रूप में हुई है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।
पूछताछ में आरोपितों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि 17 मार्च की शाम को वे जंगल में लकड़ी काट रहे थे, तभी वन विभाग के वॉचर ब्रकपाल (मृतक) ने उन्हें लकड़ी काटने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोपितों ने बताया कि गुस्से में आकर मनोज और गजेधर ने ब्रकपाल को पकड़ लिया और उदयभान ने कुल्हाड़ी से उसकी पीठ पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद तीनों ने मिलकर उसकी लात-घूसों से पिटाई की। जब वह बेहोश हो गया तो डर के मारे उन्होंने उसे जंगल में ही घसीटकर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मनोज यादव पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है। उसके खिलाफ थाना आटा में मुकदमा पंजीकृत है। अन्य दो आरोपितों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने बताया कि तीनों को गिरफ्तार कर उनके पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

