जमीन लिखवाने के विवाद में अपहरण, शाहपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
गोरखपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जमीन लिखवाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट कर एक व्यक्ति का कथित रूप से अपहरण करने के मामले में शाहपुर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को वादी ने थाना शाहपुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जमीन लिखवाने को लेकर हुए विवाद में उसके बहनोई के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ कहीं ले गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष शाहपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद किया गया।
गोरखपुर और महराजगंज के निवासी हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधेश्याम विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय भूवर विश्वकर्मा, निवासी सिद्धवारी जगदीशपुर कल्याणपुरम, थाना फरेंदा, जनपद महराजगंज; अमरनाथ साहनी पुत्र माताभीख, निवासी छेतीबुजुर्ग, थाना फरेंदा, जनपद महराजगंज; तथा गौरा यादव पुत्र श्रीनिवास यादव, निवासी तेनुआ विशम्भरपुर, थाना कैंपियरगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को थाना शाहपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 479/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(1), 115(2), 352 और 351(3) से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अंजय सिंह, रेल विहार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सत्यम सिंह, कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल अर्जुन शर्मा और कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

