केमिकल फैक्ट्री में चौकीदार दंपति को पीटकर लूट करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार
कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। पनकी औद्योगिक क्षेत्र में केमिकल फैक्ट्री के भीतर घुसकर चौकीदार दंपति पर हमला कर लूटपाट करने वाले तीन आरोपितों को गोविंद नगर और बर्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने दंपति को हथौड़े से पीटकर गंभीर रूप से घायल किया था।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मंगलवार को बताया कि गोविंद नगर के एच-ब्लॉक निवासी राजीव वर्मा की पनकी साइट नंबर-एक में सनराइज केमिकल्स के नाम से जिंक क्लोराइड बनाने की फैक्ट्री है। आजमगढ़ निवासी अमरनाथ विश्वकर्मा और उनकी पत्नी कौशल्या 37 वर्षों से फैक्ट्री परिसर में रहकर देखरेख करते हैं। सोमवार रात 1:30 बजे अमरनाथ भट्टी पर काम कर रहे थे, जबकि कौशल्या पहली मंजिल कमरे में सो रही थीं।
तीनों आरोपित पीछे की दीवार पार करके फैक्ट्री में दाखिल हुए। उन्होंने भट्टी पर काम कर रहे अमरनाथ पर पीछे से हथौड़े से सिर पर वार किया और मोबाइल निकाल लिया। इसके बाद पहली मंजिल पर पहुंचे और कौशल्या को जगाकर कान के टॉप्स, नाक की कील और एक हजार रुपये छीन लिए। विरोध पर उनके साथ भी मारपीट की।
आरोपितों ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों और डीवीआर को तोड़ दिया था। कार्यालय का लैपटॉप भी ले गए। फैक्ट्री में वारदात के बाद तीनों बर्रा स्थित डिफेंस कॉलोनी पहुंचे। वहां अनिल गुप्ता और ओम नारायण पांडेय के घर में चोरी का प्रयास किया। ओम नारायण के घर से बर्तन ले गए, जबकि अनिल के घर में सफल नहीं हुए। शोर होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
बर्रा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को पकड़ लिया। गोविंद नगर पुलिस घायल चौकीदार दंपति को हैलट अस्पताल लेकर पहुंची। कौशल्या के बताए हुलिए से बर्रा में पकड़े गए युवकों की पहचान कराई गई। पूछताछ में तीनों ने घटना स्वीकार की।
पकड़े गए आरोपितों में नौबस्ता के मछरिया निवासी फैसल, शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी और वर्तमान में गोविंद नगर के नौरैयाखेड़ा में रहने वाला दीपक गुप्ता और औरैया के दिबियापुर निवासी विशाल अवस्थी शामिल हैं। पुलिस ने इनसे दंपति से लूटे गए दो मोबाइल, कान के टॉप्स, नाक की कील, लैपटॉप और एक हजार रुपये बरामद किए। डिफेंस कॉलोनी से चोरी के बर्तन मिले।
पुलिस के अनुसार फैसल और विशाल अवस्थी के खिलाफ चोरी के सात-सात मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपक गुप्ता पर पांच मुकदमे हैं। तीनों की दोस्ती जेल में हुई थी और जेल से छूटने के बाद सक्रिय हो गए। बर्रा और गोविंद नगर थाने में तीन मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वारदात से पहले उन्होंने बारादेवी में खाना खाया था। इसके बाद घंटाघर, चकेरी और पनकी में चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। बाद में पनकी साइट नंबर-एक की फैक्ट्री में वारदात की। पुलिस हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करेगी। पुलिस ने बरामद सामान कब्जे में लिया है। आरोपितों से पूछताछ कर अन्य संभावित घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

