home page

आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते तीन आरोपी गिरफ्तार


जयपुर, 22 मई (हि.स.)। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध खाईवाली के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खोरा बिसल इलाके में संचालित एक हाईटेक सट्टा ब्रांच का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन शातिर सटोरियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। सीएसटी की एक सप्ताह में यह चौथी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।

पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी टीम अवैध सट्टा कारोबारियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खोरा बिसल थाना क्षेत्र के गोविंद नगर स्थित एक किराए के मकान में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टेबाजी करवाई जा रही है।

सूचना पर सीएसटी और खोरा बिसल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए निवारू रोड स्थित गोविंद नगर 11-सी के मकान नंबर 389 पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही वहां इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए हाईटेक तरीके से ऑनलाइन सट्टा संचालन होता मिला। उस समय गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर करोड़ों रुपए का दांव लगाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे “डीएक्स-13” सट्टा लाइन के माध्यम से लोगों को जोड़कर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे और इस सट्टा ब्रांच में उनकी 28 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

पुलिस ने मौके से प्रदीप कुमार (36) निवासी समरपुरा, जिला चूरू, अंकित पूनिया (21) निवासी समरपुरा, जिला चूरू और संजय कुमार (34) निवासी गीगलाना, जिला कोटपुतली-बहरोड़ को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी वर्तमान में खोरा बिसल स्थित उक्त मकान में किराए पर रह रहे थे।

पुलिस ने सट्टा स्थल से 15 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 9 लैपटॉप चार्जर, 4 मोबाइल चार्जर, 3 वाईफाई सेटअप बॉक्स, 24 एटीएम कार्ड, विभिन्न बैंकों की 11 पासबुक तथा सट्टे के करोड़ों रुपए के लेन-देन का हिसाब रखने वाली 6 रजिस्टर जब्त किए हैं। वहीं अन्य कार्रवाई में 18 मोबाइल, 13 बैंक पासबुक और सट्टा डायरी भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब “डीएक्स-13” सट्टा लाइन के मुख्य संचालकों, सट्टा किंग और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही बैंक खातों के जरिए हुए लेन-देन की जांच भी की जा रही है, जिससे बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश