दंतेवाड़ा में जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या करने वाले तीन आराेपित गिरफ्तार
दंतेवाड़ा, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले के गीदम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समलूर में जादू-टोना करने के शक में 65 वर्ष के बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। गीदम पुलिस ने हत्या के तीन आरोपिताें काे गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा भी बरामद किया गया है। तीनों आरोपितों को कार्रवाई उपरांत आज शुक्रवार काे न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।
गीदम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 सितंबर को समलूर के उईकापारा निवासी सुखराम सोढ़ी (65) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक के चेहरे, गाल, कान और माथे पर चोट के निशान मिले। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सुखराम की मौत कठोर वस्तु से चोट लगने के कारण होने की पुष्टि हुई। इसके बाद गीदम थाने में अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103 (1) में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि गांव में कुछ लोगों को सुखराम पर जादू-टोना करने का शक था। इसी बात को लेकर आरोपितों में उसके प्रति नाराजगी थी, पुलिस के अनुसार इसी वजह से हत्या की योजना बनाई गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर धनीराम भोगामी उर्फ मोटू (28), बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू (25) और मंगतू सोढ़ी (27), तीनों निवासी समलूर, से पूछताछ की। पूछताछ में तीनों की वारदात में संलिप्तता सामने आई। आरोपितों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा और अन्य साक्ष्य बरामद किए। पुलिस ने तीनों आरोपितों को आज गिरफ्तार कर दंतेवाड़ा न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

