home page

रायपुर : 85 किलो गांजा के साथ तीन आरोपित गिरफ्तार, 58 लाख का मशरूका जब्त

 | 
रायपुर : 85 किलो गांजा के साथ तीन आरोपित गिरफ्तार, 58 लाख का मशरूका जब्त


रायपुर : 85 किलो गांजा के साथ तीन आरोपित गिरफ्तार, 58 लाख का मशरूका जब्त


ओडिशा के बलांगीर से गांजा लाकर बिक्री करने की थी तैयारी, कार और चार मोबाइल फोन जब्त

रायपुर, 17 अक्टूबर (हि.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 85 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिन्द्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 58 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपितों में दो मध्यप्रदेश और एक छत्तीसगढ़ का निवासी है।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने आज शनिवार को पत्रकारवार्ता लेकर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, 16 अक्टूबर को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास एक चारपहिया वाहन में गांजा रखकर कुछ लोग बिक्री करने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

पुलिस ने संदिग्ध कार की तलाशी ली, तो उसकी डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में 85 किलोग्राम गांजा मिला। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से ले जाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर गांजा, कार और चार मोबाइल फोन जब्त कर लिए।

जब्त गांजे की कीमत लगभग 42 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनीश साहू (36 वर्ष), निवासी सागर, मध्यप्रदेश; राकेश साहू (31 वर्ष), निवासी मंडला, मध्यप्रदेश; और सूरज कलेत (34 वर्ष), निवासी ग्राम सान टेगरी, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस आरोपितों से गांजे की आपूर्ति, परिवहन और बिक्री के संबंध में पूछताछ कर रही है। गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों, संभावित खरीदारों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 92 मामलों में 204 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में जब्त नशीले पदार्थों, वाहनों और अन्य सामग्री की कुल कीमत 7 करोड़ 9 लाख 98 हजार रुपये बताई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर