अनूपपुर: आंगनवाड़ी केंद्र में चोरी के 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार, बर्तन और 2 बाइक जब्त
अनूपपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को आंगनवाड़ी केंद्र में चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके पास से चोरी के बर्तन, ताला तोड़ने के औजार और दो बाइक जब्त की हैं। इस मामले में तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। वहीं गिरफ्तार आरोपितों न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अशोक संजय एक्का ने बताया कि 5 अगस्त को आंगनवाड़ी केंद्र भरियाटोला सकरा की कार्यकर्ता मंती बैगा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 25 से 27 जुलाई की रात के बीच अज्ञात चोरों ने आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर शासकीय एलईडी टीवी, पानी के लिए लगा आरओ सिस्टम, बर्तन और वजन करने की मशीन चोरी कर ली थी।
पुलिस ने धारा 331(4) और 305(e) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेहियों की तलाश की गई और गोलू उर्फ आकाश बैगा (23), अजय बैगा (19) और दद्दा बैगा (22) को गिरफ्तार किया गया। ये तीनों पटनाकला, थाना चचाई, अनूपपुर के निवासी हैं।
आरोपियों से पूछताछ में चोरी की दो स्टील की थाली, दो चम्मच, एक स्टील का डिब्बा और ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड जब्त की गई। साथ ही, चोरी में प्रयुक्त दो बाइक (MP18 ZE 6489 और MP18ZC8848) भी जब्त की गईं।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथी सानू बैगा, विकास उर्फ विक्कू बैगा और मिथुन चौधरी के साथ मिलकर दो बाइक से आंगनवाड़ी केंद्र सकरा पहुंचकर चोरी की थी। उन्होंने बताया कि चोरी की गई टीवी, आरओ और वजन करने की मशीन फरार साथियों के पास है। पुलिस फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

