home page

ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, 4,990 रुपये नकद सहित मोबाइल जब्त

 | 

रायपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। थाना सरस्वती नगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के आरोप में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी की पर्चियां, डॉट पेन और 4,990 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपित व्हाट्सऐप और कागज पर सट्टा-पट्टी के माध्यम से लोगों से दांव लगवा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के दिशा कॉलेज रोड स्थित रियांश किचन के पास कुछ लोग सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से संदिग्ध तीन व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की। आरोपितों की पहचान विनोद कुमार ज्योति (35), अनिल कुमार (34) और विद्यासागर (35), सभी निवासी सरस्वती नगर, रायपुर के रूप में हुई।

मोबाइल फोन की जांच में आरोपितों द्वारा व्हाट्सऐप के जरिए सट्टा-पट्टी की पर्चियां भेजने तथा अलग-अलग अंकों पर रुपये-पैसों का दांव लगवाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने की जानकारी सामने आई। इसके साथ ही कागज पर भी सट्टा-पट्टी लिखकर सट्टा संचालित किया जा रहा था।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, ऑनलाइन सट्टा-पट्टी की पर्चियां, 4,990 रुपये नकद और डॉट पेन जब्त किया। मामले में थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 171/2026 दर्ज कर धारा 4(क) सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1976, धारा 6 एवं 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 तथा धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर