अनूपपुर: मवेशी तस्करी करते तीन आरोपी गिरफ्तार: पशुओं को छुड़ाया, वाहन जब्त
अनूपपुर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सरई पुलिस चौकी ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार की रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया साथ वाहन सहित 1 लाख रूपये कीमत को जब्त किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक मालवाहक वाहन को पकड़ा, जिसमें क्रूरतापूर्वक मवेशियों को भरकर उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था।
चौकी प्रभारी मंगला दुबे ने रविवार को बताया कि 7 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अहिरगंवा तिराहा के पास एक नए मालवाहक वाहन में अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगी। तुलरा गांव की ओर से आ रहे संदिग्ध वाहन को जब पुलिस ने रोककर तलाशी ली, तो उसमें चार पड़वा (मवेशी) अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरे हुए पाए गए। वाहन में मवेशियों के लिए न तो पर्याप्त जगह थी और न ही हवा की व्यवस्था।
पूछताछ के दौरान वाहन में सवार चालक रामलाल नापित, रोहणी और परम लाल साहू ने स्वीकार किया कि वे इन्हें उत्तरप्रदेश के बूचड़खाने ले जा रहे थे। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त किए गए मवेशियों की अनुमानित कीमत 1 लाख रुपए और वाहन की कीमत 8 लाख रुपए आंकी गई है। बरामद मवेशियों को सुरक्षित ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

