जालौन में पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले तीन अभियुक्त गिरफ्तार
उरई, 05 जुलाई (हि.स.)। सिरसाकलार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर सिपाहियों को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सफीक खान, मजीद खान और सलमान खान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन सिरसाकलार थाना पुलिस की टीम एनसीआर से जुड़े एक मामले में वांछित आरोपित मजीद खान को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर दबिश देने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान मजीद खान ने अपने परिजनों और साथियों के साथ मिलकर पुलिस टीम का विरोध किया। अभियुक्तों ने एकराय होकर सिपाहियों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू की और सफीक खान, मजीद खान तथा सलमान खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला करने, बंधक बनाने तथा अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी। 2 महिलाओं समेत 5 लोगों को जेल भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

