रायपुर : क्रिकेट बैट से जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
रायपुर, 10 अक्टूबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर क्रिकेट बैट से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य आरोपित कुणाल सिंह के अलावा अनुराग किरनापुरे (24) और संदीप दास (27) शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपित के कब्जे से पिस्टल बरामद होने पर पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से अपराध दर्ज किया है। तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:40 बजे की है। प्रार्थी अमन गुप्ता एक चॉइस सेंटर में मौजूद था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कुणाल सिंह और उसके दो साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अमन गुप्ता ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने क्रिकेट बैट से उसके सिर पर कई वार कर दिए। हमले में उसके सिर और दाहिने हाथ में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची सरोज गुप्ता के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की।
घटना की रिपोर्ट पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 351(2), 109(1) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर को तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पिस्टल और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित कुणाल सिंह के कब्जे से एक पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 461/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 में अलग से मामला दर्ज किया गया। इस प्रकरण में पिस्टल के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि, मुख्य आरोपित कुणाल सिंह की पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता रही है। उसके विरुद्ध पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे तथा एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी की।
पुलिस का कहना है कि, शहर में गंभीर अपराधों और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

