home page

दुष्कर्म का मुकदमा वापस नहीं लेने पर धमकी दी, पांच पर रिपोर्ट

 | 
दुष्कर्म का मुकदमा वापस नहीं लेने पर धमकी दी, पांच पर रिपोर्ट


मुरादाबाद, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में दुष्कर्म के मामले में मुकदमा वापस लेने के लिए आरोपितों ने पीड़िता को धमकी दी। शिकायत मिलने पर थाना सिविल लाइंस पुलिस ने सोमवार को आरोपित के चाचा सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

मझोला थाना क्षेत्र निवासी शुभम के खिलाफ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की युवती ने जनवरी में तहरीर देकर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि शुभम ने शादी का वादा कर उसका शारीरिक शोषण किया और बाद में मारपीट की।

युवती का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से शुभम और उसके परिजन उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस को दी तहरीर के अनुसार, 30 अप्रैल की शाम करीब पांच बजे वह अपनी बहन के साथ घर पर अकेली थी। इसी दौरान शुभम का चाचा संजीव एम लाल, दो महिलाएं और एक अज्ञात व्यक्ति घर पहुंचे। वहां उन्होंने गाली-गलौज की और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया।

आरोप है कि मुकदमा वापस न लेने पर आरोपितों ने उसे तेजाब से जलाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। युवती ने पुलिस को बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है और उसे आरोपितों से जान का खतरा है। पुलिस ने आरोपित संजीव एम लाल, शुभम और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल