home page

जीजा को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपित धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार

 | 
जीजा को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपित धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार


कोंडागांव, 01 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में चार धारदार हथियार लेकर उपरपारा बिसेन बाड़ी बस्ती में घूमने और अपने जीजा को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने 1 सितंबर को एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद भी आरोपित का रवैया पुलिस के लिए हैरान करने वाला रहा।

पूछताछ के दौरान उसने हथियारों के इस्तेमाल और उनसे वार करने का तरीका पुलिस को बताया। इतना ही नहीं, उसने हथियारों के साथ अपनी फोटो खिंचवाने की मांग भी की। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस घटना के पीछे के विवाद और आरोपित द्वारा दी गई धमकी के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपित खुलेआम बस्ती में हथियार लहरा रहा था, और अपने जीजा अकरम हुसैन को जान से मारने की धमकी दे रहा था। सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चार धारदार हथियार मिले। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 12 इंच लंबी कटार /गुप्ती नुमा चाकू, करीब 6.1 इंच लंबा बिछवा नुमा चाकू, करीब 17 इंच लंबा लोहे का बंडा और करीब 12 इंच लंबी छुरी बरामद की। सभी हथियार गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए गए। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपित का रवैया सामान्य से अलग नजर आया। गिरफ्तारी के बाद भी उसके चेहरे पर हथियारों को लेकर कोई डर नहीं दिखा।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे