home page

न्यायालय व न्यायिक अधिकारी को बम से उड़ाने की धमकी , बढायी गयी सुरक्षा व्यवस्था

 | 
न्यायालय व न्यायिक अधिकारी को बम से उड़ाने की धमकी , बढायी गयी सुरक्षा व्यवस्था


पत्र मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

झांसी, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र में तैनात न्यायालय व न्यायिक अधिकारी को बम से उड़ाने की धमकी देने का पत्र मिलने के बाद न्यायालय परिसर में हड़कम मचा हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जिला न्यायालय ने एसएसपी को पत्र लिखकर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। पत्र मिलने के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और चुस्त दुरुस्त कर दी है। साथ ही पुलिस इस संवेदनशील मामले की जांच में जुट गई है।

बीते रोज एक पत्र जिला न्यायाधीश के नाम न्यायालय को मिला। जिसमें ए​क न्यायिक अधिकारी का नाम लिखकर अभद्र भाषाओं का प्रयोग करते हुए धमकी भरे शब्द भी लिखे गए। साथ ही पत्र में धमकी दी गई कि सात अप्रैल 2026 से तीस अप्रैल 2026 के बीच न्यायालय परिसर को तथा न्यायिक अधिकारी को बम से उड़ा दिया जाएगा। पत्र को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी ने एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम और पत्र की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए है। गुमनाम पत्र में सलीम मंसूरी का नाम अंकित है। लेकिन उस नाम मे कितनी सच्चाई है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी द्वारा एसएसपी को इस पत्र की जांच के साथ एक फोटो भी भेजी गई है। जो संभवतः पत्र को पोस्ट करने वाले की होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।

इस मामले में थाना नवाबाद प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। संबंधित न्याय अधिकारी की सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही तैनात थी। मामला सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है। प्रत्येक बिन्दु पर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया