home page

राजगढ़ःपुरानी कार दिलाने का झांसा देकर 6 लोगों से 32.50 लाख की ठगी

 | 
राजगढ़ःपुरानी कार दिलाने का झांसा देकर 6 लोगों से 32.50 लाख की ठगी


राजगढ़, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में पुरानी कारें सस्ते दामों में दिलाने का लालच देकर छह लोगों से 32 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को शिकायत पर तीन आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कांचरी निवासी लाखनसिंह (42) पुत्र प्रेमसिंह सोंधिया ने शिकायत दर्ज कराई कि 31 दिसंबर 2025 को दिनेश शर्मा की पहचान के जरिए ईश्वरसिंह निवासी बल्लभगढ़ (फरीदाबाद), राजेंद्र बत्रा निवासी बड़ोदमेव, लक्ष्मणगढ़ (अलवर) और यशवंत जाट गांव कांचरी पहुंचे थे। तीनों ने खुद को पुरानी कारों का कारोबार करने वाला बताते हुए कम कीमत में वाहन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उनकी बातों पर विश्वास कर गांव के छह लोगों ने अलग-अलग रकम का भुगतान कर दिया।

शिकायत के अनुसार विष्णु पुत्र नंदलाल सोलंकी निवासी नारायणघाटा ने दो लाख, ललित पुत्र रामकिषन सोलंकी निवासी कांचरी ने चार लाख, लखन पुत्र किषनलाल सोलंकी ने तीन लाख और फरियादी लाखनसिंह ने साढ़े चार लाख रुपये आरोपितों के बताए खाते में जमा कराए। वहीं बनेसिंह पुत्र नन्नूलाल धनगर निवासी ब्यावरा और दिनेश पुत्र कल्याण शर्मा निवासी घोड़ापछाड़ ने मिलकर 20 लाख रुपये नकद गांव कांचरी स्थित ललित ढाबे पर राजेंद्र बत्रा को सौंपे। इस तरह कुल 32 लाख 50 हजार रुपये आरोपितों को दिए गए। रुपये लेने के बाद आरोपित लगातार एक-दो दिन में गाड़ियां देने का आश्वासन देते रहे। पीड़ित कई बार तय स्थान पर पहुंचकर उनका इंतजार करते रहे, लेकिन हर बार उन्हें नई तारीख देकर वापस लौटा दिया गया। कुछ समय बाद तीनों आरोपितों के मोबाइल बंद हो गए और उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया।

खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है और बैंक खातों सहित अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक