home page

शराब व अन्य मामलों में 30 गिरफ्तार, 478 लीटर से अधिक शराब बरामद

 | 
शराब व अन्य मामलों में 30 गिरफ्तार, 478 लीटर से अधिक शराब बरामद


नवादा, 23 सितंबर (हि.स.)।नवादा पुलिस ने बुधवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट, मद्यनिषेध समेत अन्य मामलों में कुल 30 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस कप्तान अभिनव धीमन की ओर से जारी गिरफ्तारी एवं बरामदगी संबंधी रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान 12 लोगों की हत्या के प्रयास के मामले में, एक की पॉक्सो एक्ट के तहत, नौ की मद्यनिषेध से जुड़े मामलों में तथा आठ अभियुक्तों की अन्य मामलों में गिरफ्तारी की गई।

पुलिस कार्रवाई के दौरान नगर थाना क्षेत्र में चोरी की बैट्री, चार्जर और इनवर्टर समेत सामान बरामद किया गया। वहीं साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े मामले में नौ एटीएम कार्ड, एक टैब, तीन मोबाइल, आठ सिम कार्ड, पहचान पत्र, चार बैंक पासबुक, एक चेकबुक, दो नोटबुक तथा आरसी कार्ड की छायाप्रति बरामद की।

नारदीगंज थाना पुलिस ने अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, अभियान के दौरान तीन मोटरसाइकिल और अन्य सामान भी बरामद किए गए।

मद्यनिषेध अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

रिपोर्ट के अनुसार, कुल 316.5 लीटर महुआ शराब और 162.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। थाली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मुरली पहाड़ स्थित माधोपुर जंगल से 152 लीटर विदेशी शराब के साथ राजू राजवंशी और सुनील राजवंशी को गिरफ्तार किया।

अकबरपुर थाना पुलिस ने कन्नौज से 98 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं नरहट थाना पुलिस ने गजरा चातर से 13.5 लीटर महुआ शराब बरामद की। दोनों मामलों में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पर्नाडाबर थाना पुलिस ने कलाली मोड़ के पास से 120 लीटर महुआ शराब और मोटरसाइकिल के साथ मुन्ना कुमार को गिरफ्तार किया। नगर थाना पुलिस ने नवीननगर से 10.5 लीटर विदेशी शराब और मोबाइल बरामद किया।

सिरदला थाना पुलिस ने पीएनबी बैंक के सामने से 48 लीटर महुआ शराब के साथ सुनील कुमार को गिरफ्तार किया।

रूपौ थाना पुलिस ने बुधौली मोड़ से 37 लीटर महुआ शराब और मोटरसाइकिल के साथ विनोद चौहान को गिरफ्तार किया।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, अभियान के दौरान 26 वारंटों का निष्पादन किया गया। वाहन जांच में 260 वाहनों की जांच की गई और नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 60 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन