बीके दत्त कॉलोनी में मकान में भीषण आग, महिला समेत तीन की मौत
नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के लोधी रोड थाना क्षेत्र स्थित बीके दत्त कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड में एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई। हादसा बी-ब्लॉक स्थित चावला स्वीट्स के सामने एक मकान की तीसरी मंजिल पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:21 बजे दिल्ली दमकल को मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही तीन गाड़ियों को भेजा गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग तीसरी मंजिल पर लगी थी। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान तीसरी मंजिल से तीन लोगों के शव बरामद किए गए, जिनमें एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद एडीओ राजेश शुक्ला को घटनास्थल पर भेजा गया। करीब 11:10 बजे आग पर काबू पाने की सूचना दी गई, हालांकि पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। मृतकों की पहचान और आग लगने की वजह का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

