कानपुर : महिला हत्याकांड में तीसरा आरोपित भी गिरफ्तार
कानपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के छावनी थाना क्षेत्र के सत्ती चौरा में 30 अगस्त को महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे नामजद आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक तीन नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि बीते सोमवार को सत्तीचौरा इलाके में आपसी विवाद के चलते महिला चांदनी निषाद (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। मामले में उसकी बेटी अंजली की तहरीर पर छावनी थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में विनोद, संतोष और अंशु समेत दो अज्ञात लोगों को नामजद किया गया था। घटना के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस ने एक सितंबर को मामले में नामजद विनोद निषाद उर्फ मोदी और संतोष निषाद उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया था। दोनों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेज दिया गया था।
इसी मामले में पुलिस टीम ने तीसरे नामजद आरोपित अंशु निषाद उर्फ डी.जे. निवासी ग्राम कल्लुपुरवा कटरी पीपरखेड़ा, थाना गंगाघाट, जनपद उन्नाव को झाड़ीबाबा ओवरब्रिज से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जिला कारागार में निरुद्ध कराया जाएगा। मामले में दो अज्ञात आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

