home page

नगर निगम क्षेत्र में चोरों का आतंक,15 दिनों में तीन वार्डों से 59 स्ट्रीट लाइट की चोरी,दो गिरफ्तार

 | 
नगर निगम क्षेत्र में चोरों का आतंक,15 दिनों में तीन वार्डों से 59 स्ट्रीट लाइट की चोरी,दो गिरफ्तार


सहरसा, 20 अगस्त (हि.स.)।

नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट चोरी करने वाले गिरोह का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले 15 दिनों के दौरान नगर निगम के वार्ड नंबर 29, 31 और 32 से चोरों ने 59 सरकारी स्ट्रीट लाइटें चोरी कर ली है। लगातार हो रही चोरी के कारण कई मोहल्लों की सड़कों पर रात में अंधेरा छा गया है।

मामले को लेकर संबंधित वार्ड पार्षदों एवं पार्षद प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त से शिकायत की, जिसके बाद सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वार्ड नंबर 29 में सबसे अधिक स्ट्रीट लाइटों की चोरी हुई है। पार्षद प्रतिनिधि दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 15 दिनों से वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में लगातार स्ट्रीट लाइटें चोरी की जा रही हैं।

अब तक करीब 25 से 26 लाइटें चोर खोलकर ले जा चुके हैं। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वार्ड नंबर 31 के पार्षद आशीष रंजन ने बताया कि शिक्षक संघ गली से 5-6, विद्यापति नगर और एमएलटी कॉलेज के पीछे से 4-5 सहित कुल 16-17 स्ट्रीट लाइटें चोरी हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार चोर देर रात करीब तीन बजे के बाद सक्रिय होते हैं। स्ट्रीट लाइट खोलते हुए चोरों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

वार्ड नंबर 32 के पार्षद प्रतिनिधि संतोष भगत के अनुसार, उनके वार्ड से करीब 15-16 स्ट्रीट लाइटें गायब हुई हैं। चोरों ने गायत्री मंदिर से फकीर टोला जाने वाली मुख्य सड़क को सबसे अधिक निशाना बनाया है। स्ट्रीट लाइटों की लगातार चोरी से परेशान पार्षदों ने नगर आयुक्त से मिलकर मामले की जानकारी दी। नगर आयुक्त के स्तर से पुलिस को आधिकारिक शिकायत भेजी गई, जिसके आधार पर सहरसा सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार