home page

दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर, नकदी समेत लाखों के जेवरात चोरी

 | 
दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर, नकदी समेत लाखों के जेवरात चोरी


हमीरपुर 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा तहसील क्षेत्र के थाना बिवांर क्षेत्र स्थित ग्राम हिमौली में अज्ञात चोरों ने एक मकान की दीवार तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से दो लाख रुपये की नकदी, करीब आठ तोला सोने व एक किलो चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। रविवार को सूचना पर थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

गांव निवासी तौफीक ने बताया कि शनिवार की रात में परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर पीछे की दीवार तोड़कर घर में घुस गए और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर नकदी व जेवरात समेट ले गए।

चोर घर से बक्से उठाकर गांव के पंचायत भवन तक ले गए, जहां ताले तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया और खाली बक्से वहीं छोड़ गए। रविवार को जब तौफीक की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल बिवांर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की तलाश में जुटी है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। सीओ राजकुमार पाण्डेय ने रविवार को शाम बताया कि कुछ पैसे और जेवरात बरामद हुए हैं। आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा