home page

सूने घर में चोरी: कुंडी काटकर लाखों के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ

 | 
सूने घर में चोरी: कुंडी काटकर लाखों के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ


सूने घर में चोरी: कुंडी काटकर लाखों के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ


सुपौल, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के निर्मली पंचायत स्थित हटवरिया वार्ड नंबर 9 में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर चहारदीवारी फांदकर घर में घुसे और एक-एक कमरे की कुंडी काटकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार गृहस्वामी भागवत प्रसाद मंडल का पूरा परिवार पिछले करीब 16 दिनों से घर बंद कर पूर्णिया गया हुआ था। बुधवार को जब परिवार वापस लौटा और घर का ताला खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर के सभी कमरों की कुंडी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़ित ने बताया कि चोरों ने घर से करीब 1 लाख 25 हजार रुपये नकद, दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कान की बाली, एक नथिया, एक सोने की चेन, दो जोड़ी चांदी की पायल तथा एक चांदी की चेन समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिया।

घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित परिवार से लिखित आवेदन देने को कहा है, ताकि आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा सके।

इस संबंध में राजेश कुमार झा, थानाध्यक्ष पिपरा ने बताया कि उन्हें इस घटना की आधिकारिक जानकारी अभी नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र