पत्नी बच्चे के साथ दर्शन करने गए चोर ने मंदिर से पार किये चांदी के 07 मुकुट, घटना सीसीटीवी में कैद
कानपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में पत्नी और बच्चे के साथ दर्शन करने आए शातिर चोर ने भगवान के करीब एक किलो वजनी चांदी के सात मुकुट पार कर दिए। सारी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिस समय की घटना घटित हुई मंदिर पुजारी परिसर में मौजूद नहीं थे। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी के आधार पर शातिर चोर की तलाश में जुट गई है
घंटाघर चौराहा स्थित सिद्धिविनायक मंदिर द्वितीय तल पर भगवान गणेश की आठ मूर्तियां हैं। जहां सुबह से शाम तक हजारों की संख्या में भक्त भगवान के दर्शन कर वापस लौट जाते हैं। हालांकि मंदिर परिसर में ही पुजारी अपने परिवार के साथ रहते हैं, लेकिन पिछले दो दिनों से वहां अपने परिवार के साथ कहीं बाहर गए हुए थे। इसी बीच शनिवार को एक युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ सिर पर हेलमेट लगाकर मंदिर पहुंचा। इस दौरान उसने मौका पाकर 10 में से साथ मूर्तियों के मुकुट पार कर दिए। इन सभी मुकुटों का वजन करीब एक किलो बताया जा रहा है।
देर रात मंदिर कमेटी के सदस्य सुरेंद्र सिंह पहुंचे। तो उन्होंने पाया कि भगवान के मुकुट गायब है। ऐसे में परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे जांचे गए तो उसमें मूर्ति के मुकुट निकालता हुआ कैद हो गया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर पड़ताल में जुट गई है।
सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली आशुतोष कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि मंदिर प्रबंधन की ओर से तहरीर प्राप्त कर ली गई है। चोर सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हो गया है। अनुमानित उसने 600 ग्राम चांदी के मुकुट चुराए हैं। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है। जो मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रहीं हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

