निजी बसों में चोर गैंग सक्रिय : एक बार फिर महिला यात्री के बैग से लाखों के आभूषण चोरी
जोधपुर, 07 मई (हि.स.)। शहर की निजी बसों में अब चोर गैंग सक्रिय होती दिख रही है। अकेली सफर करने वाली महिलाओं के बैग से आभूषण चोरी होने लगे है। एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया है जबकि महिला यात्री के बैग से 16 तोला सोने के जेवरात चोरी हुए है। सबसे बड़ी बात की महिला के पास ट्राली बैग था। इससे पहले प्रतापनगर बस स्टेण्ड पर एक महिला यात्री के बैग से थैली पार हुई थी, जिसमें भी लाखों के जेवरात थे। दोनों घटनाएं निजी बस में हुई है।
झंवर पुलिस ने बताया कि दइपड़ा खिंचियान निवासी छैलू कंवर पत्नी पप्पूसिंह 3 मई को अपने पीहर गांव जोइन्तरा से जोधपुर के लिए रवाना हुई थीं। उनके साथ भतीजा युवराज सिंह भी था। दल्ले खां बस स्टेण्ड सफर के समय बड़ा ट्रॉली बैग ड्राइवर सीट के पीछे रखा गया था। बैग में 8 तोले की आड, 6 तोले के दो बाजूबंद व 2 तोले का शीशफूल सहित कुल 16 तोला सोने के आभूषण रखे हुए थे।
छैलू कंवर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बस में दो-तीन संदिग्ध युवक बैठे थे। बैग के पास एक खाली ढोल रखा था। एक युवक ने बैग को उठाकर ढोल में डालने की कोशिश की, लेकिन उसके मना करने पर उसने बैग वापस रख दिया। बाद में वे युवक झंवर फांटे पर उतर गए। वह जब घर पहुंची और ट्रॉली बैग खोला तो आभूषण नदारद मिले। सबसे बड़ी बात बैग का लॉक सही सलामत मिला है। घटना पर छैलू कंवर ने परिवारजनों के साथ बस स्टाफ से जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों का पता लगाने का प्रयास किया। मगर सफल नहीं हो पाई। पुलिस अब आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज से संदिज्ध युवकों की पहचान कर तलाश में जुटी है।
3 मई को हुई थी एक और घटना :
बता दें कि तिंवरी क्षेत्र के प्रतापजी का कोट निवासी संतोष कंवर पत्नी रविन्द्र सिंह ने प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट मं रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया है कि वह 3 मई को अपने पीहर मेघलासीय से ससुराल तिंवरी लौट रही थीं। रवाना होते समय उसने सोने की 1जोड़ी झुमरिया, 1 चांदबाला, 2 बालियां, चार चूडिय़ां, 1 नाक की फीनी, चांदी की दो जोड़ी पायल, 1जोडी चांदी का छड़ा, एक मोबाइल फोन तथा छोटा स्पीकर प्लास्टिक की थैली में रखकर बैग में सुरक्षित रखा था और बैग पर लॉक लगाया था। बाद में घर पहुंची तो यह थैली गायब मिली थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

