home page

यात्रियों से दोस्ती कर सामान चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार

 | 
यात्रियों से दोस्ती कर सामान चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार


कानपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से दोस्ती कर उनका विश्वास जीतने के बाद सामान, मोबाइल और रुपये चोरी करने वाले आरोपित को जीआरपी ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से आधार कार्ड, रुपये समेत क्रीम बिस्कुट के टुकड़े और दवाइयों के रैपर बरामद हुए हैं।

जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि आज पुलिस टीम चोरी की घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेंट्रल के सर्कुलेटिंग क्षेत्र में कैंट पार्सल कार्यालय के पीछे अशोक के पेड़ के नीचे से सुधीर कुमार निवासी नौनिकपुर, थाना अछल्दा, औरैया को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह ट्रेनों में यात्रियों से दोस्ती कर उनका विश्वास हासिल करता था। इसके बाद मौका पाकर उनके सामान, मोबाइल फोन और रुपये चोरी कर लेता था। चोरी किए गए सामान और रुपये से वह अपना जीवनयापन करता था।

आरोपित से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। उसके कब्जे से आधार कार्ड, रुपये, क्रीम बिस्कुट के टुकड़े और दवाइयों के रैपर बरामद हुए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए शातिर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप