home page

बुलेट शोरूम में चोरी के 12 घंटे के अंदर चोर गिरफ्तार, 31,500 रुपये बरामद

 | 
बुलेट शोरूम में चोरी के 12 घंटे के अंदर चोर गिरफ्तार, 31,500 रुपये बरामद


अररिया 15 सितम्बर(हि.स.)।जिले में फारबिसगंज कॉलेज चौक के समीप एनएच 27 स्थित रॉयल एनफील्ड बुलेट शोरूम यशराज मोटर्स में हुई चोरी की घटना का फारबिसगंज पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के घर से चोरी की रकम में से 31 हजार 500 रुपये बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह शोरूम खोलने पहुंचे कर्मियों ने देखा कि मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था, जबकि गेट का हैंडल काट दिया गया था। अंदर जाकर देखने पर शोरूम का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर कैश काउंटर से करीब 50 हजार रुपये गायब मिले।

बताया गया कि अज्ञात चोर शोरूम के खिड़की के रास्ते अंदर प्रवेश कर कैश काउंटर तक पहुंचे और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 12 घंटे के अंदर कॉलेज चौक वार्ड संख्या 9 निवासी मिठू कुमार राम पिता दशरथ राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके घर की तलाशी के दौरान 31 हजार 500 रुपये बरामद किए हैं।

घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का जल्द खुलासा हो गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की घटना में उसकी भूमिका तथा बाकी रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

वहीं मामले की जांच के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार, थानाध्यक्ष मनोज कुमार सहित पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया था। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मामले की जांच की गई, जिसके बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर