home page

भदोही में दो पक्षों में फायरिंग,दो घायल, पांच नामजद समेत 15 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

 | 
भदोही में दो पक्षों में फायरिंग,दो घायल, पांच नामजद समेत 15 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज


भदोही, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद भदोही के दुर्गागंज इलाके में रविवार की रात दो पक्षों में जमकर बवाल हुआ। पीड़ित परिवार ने दूसरे पक्ष के लोगों पर बमबाजी और फायरिंग का आरोप लगाया है। घटना में दो लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पता में भर्ती कराया गया। एसपी, एएसपी और सीओ ने घटना स्थल का मौका मुआयाना किया है। इस मामले पुलिस ने पांच नामज आरोपितों समेत 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित की गईं हैं।

एसपी अभिनव त्यागी ने साेमवार काे बताया कि दुर्गागंज थाना क्षेत्र के जोगापुर (हरदुवा) गांव में देर रात पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट, तोड़फोड़, फायरिंग और बमबाजी का आरोप पीड़ित पंकज पाण्डेय के परिवार ने लगाया है। पंकज की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि 24 मई की रात करीब 9:15 बजे गांव के ही राज गिरी उर्फ बमबम, लकी गिरी, दीप यादव, मनजीत पासी और मनोज सरोज अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान असलहे से फायरिंग की और बम भी फेंका। गाड़ियों की तोड़फोड़ के साथ हम लोगों का मोबाइल छीन ले गए।

घटना में पीड़ित की चाची सुमित्रा देवी और राकेश पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भानीपुर ले जाया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बाइक में तोड़फोड़ की और घर में घुसकर सामान भी क्षतिग्रस्त किया। घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

एसपी ने बताया कि युवाओं के दो गुटों में संघर्ष की घटना सामने आयी है। एक गुट के आरोपित युवक दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य है और किसी प्रकार का गंभीर खतरा नहीं है। वहीं, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक