home page

गल्ला मंडी में कैंटीन और व्यापारी की दुकान में चोरी, नकदी व सामान बटोर ले गए चोर

 | 
गल्ला मंडी में कैंटीन और व्यापारी की दुकान में चोरी, नकदी व सामान बटोर ले गए चोर


उरई, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उरई अंतर्गत कोंच कोतवाली क्षेत्र स्थित गल्ला मंडी परिसर में अज्ञात चोरों ने शुक्रवार की बीती देर रात दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात कर नकदी और सामान लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर शनिवार को कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, गल्ला मंडी परिसर में बीती रात अज्ञात चोरों ने कैंटीन का ताला तोड़ा और करीब 2500 रुपये नकद और लगभग 1000 रुपये का सामान चोरी कर लिया। शनिवार की सुबह जब कैंटीन संचालक ब्रजेन्द्र कुशवाहा मौके पर पहुंचे तो ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। कैंटीन के अलावा चोरों ने पास ही स्थित गल्ला व्यापारी संजीव निरंजन की दुकान को भी निशाना बनाया। चोर उनकी दुकान की अलमारी का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। सुबह दुकान खुलने पर चोरी की जानकारी हुई और सूचना थाना पुलिस को दी गई। मौके पर कोंच कोतवाली पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश में जुट गई है।

कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और चोरों को पकड़ने के प्रयास जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा