एक ही रात तीन घरों में चोरी, नगदी और सोना लेकर फरार बदमाश
मालदा, 12 अगस्त (हि.स.)। एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना से मालदा के इंग्लिशबाजार थाना क्षेत्र के नरहट्टा पंचायत के पालपाड़ा गांव में दहशत फैल गई। बदमाशों ने तीन घरों को निशाना बनाकर नकदी, सोने के आभूषण और मोबाइल फोन सहित कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह सामने आने के बाद इंग्लिशबाजार थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर रात बदमाशों ने पालपाड़ा के निवासी चैतन्य पाल, नृपेन पाल और दिनेश हलदार के घरों में चोरी की। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने तीनों घरों में अलग-अलग तरीके से प्रवेश किया। कहीं खिड़की तोड़कर, तो कहीं मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोर घर के अंदर घुसे और सोना, नकदी तथा मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
बुधवार सुबह जब परिवारों को चोरी की जानकारी मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया। एक ही रात में तीन घरों में चोरी होने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से नरहट्टा इलाके में नशेड़ियों का उत्पात बढ़ गया है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही इंग्लिशबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों प्रभावित परिवारों से पूछताछ कर घटना की जानकारी दर्ज की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

